Breaking News

रामगढ़ सड़क हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत, एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल; मुआवजे की मांग पर परिजनों का आक्रोश

Ramgarh : रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। लारी-बरलौंग के पास कोयला लदे एक ट्रक ने बैंड पार्टी के कलाकारों को लेकर जा रहे सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे के बाद सभी शवों को रामगढ़ सदर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में मृतकों के परिजन और ग्रामीण जुटे रहे। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

मृतकों की पहचान अनोद कुमार (31), डेविड करमाली (28), पप्पू करमाली (18), पवन करमाली (23), अशोक डोम (45), शक्ति डोम (34), हेमंत कुमार महतो (25) और मनीष कुमार (22) के रूप में हुई है। हादसे में अशोक डोम और शक्ति डोम सगे भाई थे, जबकि परिजनों के अनुसार एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे और प्रशासनिक सहायता की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे शवों के साथ सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। घटना के विरोध में कुछ समय के लिए रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर भी प्रदर्शन किया गया।

मृतकों के परिजनों ने बताया कि हादसे ने कई परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है। उनका कहना है कि प्रभावित परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सहायता की तत्काल आवश्यकता है ताकि वे इस कठिन परिस्थिति का सामना कर सकें।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से वे व्यथित हैं और ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति मिले।

इधर, आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष दिलीप दांगी ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे उनकी हर न्यायसंगत मांग के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए तथा पूरे मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post