Breaking News

जमीन विवाद में कारोबारी को मारी गोली, भतीजे पर लगा आरोप

Palamu : पलामू जिले के मेदिनीनगर में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक कारोबारी और ठेकेदार को गोली मार दी गई। घटना टाउन थाना क्षेत्र के बरालोटा स्थित जीएलए कॉलेज के पास की है। गोली लगने से घायल कारोबारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, ठेकेदार सह कारोबारी संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी किसी काम से दुर्गा मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन पर गोली चला दी गई। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल संजय तिवारी को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पीड़ित के भतीजे पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी जिले के जाने-माने ठेकेदार हैं। वे पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में बड़े ठेकेदार के रूप में कार्यरत हैं और इसके अलावा उनका शराब का व्यवसाय भी है। कारोबारी होने के कारण उनकी इलाके में अच्छी पहचान बताई जाती है।

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि संजय तिवारी का अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनका मानना है कि इसी विवाद के चलते उन पर जानलेवा हमला किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post