Breaking News

मातम में बदली शादी की खुशी: सड़क हादसे में तीन भाई-बहनों की दर्दनाक मौत

Lohdarga : लोहरदगा जिले में एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी में शामिल होने जा रहे तीन भाई-बहनों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा शहर के मिशन चौक के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, शहरी क्षेत्र के बरवाटोली निवासी मुकेश साहू के पड़ोस में शादी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समारोह कृषि बाजार स्थित एक धर्मशाला में चल रहा था। इसमें शामिल होने के लिए मुकेश साहू का बेटा रोहित साहू, विवाहित बेटी सपना कुमारी और छोटी बेटी सृष्टि कुमारी एक ही स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे।

इसी दौरान गुमला से लोहरदगा की ओर आ रहा एक सामान लदा ट्रक मिशन चौक के पास अनियंत्रित होकर स्कूटी से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक स्कूटी और उस पर सवार तीनों लोगों को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया।

हादसे में 24 वर्षीय सपना कुमारी और 14 वर्षीय सृष्टि कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए तीनों को सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने सपना और सृष्टि को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सपना कुमारी गर्भवती थी, जिससे इस घटना की पीड़ा और भी बढ़ गई है।

वहीं 28 वर्षीय रोहित साहू गंभीर रूप से घायल हो गया था। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों के पिता मुकेश साहू मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। रोहित भी एक निजी प्रतिष्ठान में काम कर परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटा रहा था। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के संबंध में सदर थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post