Breaking News

पश्चिम बंगाल से लद्दाख तक 7,000 किमी की साइकिल यात्रा पर निकले राजा कुंडू, पर्यावरण संरक्षण का दे रहे संदेश

Giridihi : पश्चिम बंगाल के 24 परगना निवासी राजा कुंडू पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक अनोखी पहल कर रहे हैं। वह लगभग 7,000 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा पर निकले हैं, जिसका उद्देश्य लोगों को प्रकृति संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू हुई इस ‘ग्रीन राइड’ के तहत राजा कुंडू पश्चिम बंगाल से लद्दाख तक का सफर तय कर रहे हैं। भीषण गर्मी और 44 डिग्री तापमान के बावजूद वह प्रतिदिन करीब 75 से 80 किलोमीटर साइकिल चलाकर विभिन्न शहरों और गांवों में लोगों से संवाद कर रहे हैं।

यात्रा के दौरान राजा कुंडू लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करते हैं, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील करते हैं और स्वच्छता बनाए रखने के लिए डस्टबिन के इस्तेमाल पर जोर देते हैं। उनका मानना है कि पर्यावरण की रक्षा के बिना भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता।

गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अटका पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने रंजीत पांडेय के नेतृत्व में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया और उनके पर्यावरण जागरूकता अभियान के समर्थन में आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

इस अवसर पर राजा कुंडू ने स्थानीय लोगों को ‘Save Nature, Save Future’ संदेश लिखे कपड़े के थैले और स्टीकर वितरित किए। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की कमी के अनुभव ने उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए यह अभियान शुरू करने की प्रेरणा दी।

बढ़ते तापमान पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पहले जहां गर्मी 30 से 35 डिग्री के बीच रहती थी, वहीं अब कई क्षेत्रों में 45 से 50 डिग्री तक पहुंच रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

राजा कुंडू ने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति साल में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करे। उनका कहना है कि पर्यावरण बचाने के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि मजबूत संकल्प और सामूहिक प्रयास की जरूरत है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post