Sahibganj : साहिबगंज जिले के बरहड़वा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को भारी मात्रा में चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 174 पुराने एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 58.95 लाख रुपये बताई गई है।
आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि अप वनांचल एक्सप्रेस (13403) से दो व्यक्ति बड़ी संख्या में मोबाइल फोन लेकर बरहड़वा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और गुमानी से बरहड़वा तक ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान ट्रेन के जनरल कोच से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक निवासी मोहम्मद नासरुद्दीन और मोहम्मद रहमत शेख को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उनके बैग से 174 पुराने एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए, जिन्हें प्रारंभिक जांच में चोरी का बताया जा रहा है।
आरपीएफ ने जब्त किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 58 लाख 95 हजार 878 रुपये आंकी है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहड़वा के हवाले कर दिया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मोबाइल फोन कहां से चोरी किए गए, इन्हें किस नेटवर्क के माध्यम से लाया जा रहा था और इस पूरे गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाएगा।
बरहड़वा क्षेत्र लंबे समय से मोबाइल चोरी, नकली नोटों की तस्करी और अवैध शराब कारोबार जैसी गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां समय-समय पर ऐसे नेटवर्क पर कार्रवाई करती रही हैं, लेकिन अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना अब भी चुनौती बना हुआ है।
आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि बरामद सभी मोबाइल चोरी के प्रतीत होते हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



