Breaking News

दो महीने पहले हुई थी शादी, अब ससुराल में मिली नवविवाहिता की संदिग्ध मौत; पति समेत परिवार के लोग फरार

Koderma : झारखंड के कोडरमा जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। डोमचांच थाना क्षेत्र के बगड़ो गांव में शुक्रवार सुबह 22 वर्षीय काजल खातून का शव उसके ससुराल स्थित घर में मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह काजल के पति आयान अंसारी ने उसके मायके वालों को फोन कर बताया कि काजल की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उन्हें तुरंत बगड़ो गांव पहुंचना चाहिए। सूचना मिलते ही परिजन जल्दबाजी में ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।

परिजनों के मुताबिक, घर पहुंचने पर उन्होंने काजल को कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया। बेटी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। जब परिजनों ने ससुराल वालों से घटना के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, तो पता चला कि पति समेत परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हो चुके हैं।

इस घटना से नाराज मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उनका कहना है कि काजल की मौत सामान्य नहीं है और मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोडरमा के एसडीपीओ प्रमोद केशरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

बताया जा रहा है कि काजल खातून का निकाह आयान अंसारी से महज दो महीने पहले ही हुआ था। ऐसे में शादी के इतने कम समय बाद हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एसडीपीओ प्रमोद केशरी ने कहा कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post