Khunti: कर्रा प्रखंड अंतर्गत जरियागढ़ पंचायत के ग्राम सिमटिमड़ा में 25 केवीए क्षमता वाले नए विद्युत ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन किया गया। लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मर के कारण गांव में बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नए ट्रांसफार्मर के लगने से अब गांव में नियमित एवं सुचारू बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जगी है। 
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कर्रा प्रखंड उपाध्यक्ष मार्शल होरो ने कहा कि विगत कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव अंधेरे में डूबा हुआ था। बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों के दैनिक कार्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक सुदीप गुड़िया के प्रयास से गांव को नया 25 केवीए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया, जिससे अब लोगों को राहत मिलेगी और बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी।
वहीं झामुमो पंचायत सचिव रोबट आईंद ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान झामुमो जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी, झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष लछुवा लोहरा, पंचायत सचिव रोबट आईंद, सिलास केरकेट्टा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों एवं विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।



