Khunti: कर्रा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कच्चाबारी पंचायत के बांदू गांव में ग्रामीणों ने एकजुटता और सामूहिक सहयोग की मिसाल पेश करते हुए गांव तक पहुंचने वाली जर्जर कच्ची सड़क की मरम्मत स्वयं कर डाली। गांव के लोगों ने आपसी चंदा एकत्र कर सड़क की मरम्मती कराई, जिससे अब ग्रामीणों को आवाजाही में काफी सहूलियत होगी।
जानकारी के अनुसार गांव तक जाने वाली कच्ची सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता था, जिससे सड़क पूरी तरह कीचड़मय हो जाती थी। ऐसे में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो जाते थे।
सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासनिक सहायता का इंतजार करने के बजाय खुद पहल करने का निर्णय लिया। इसके बाद गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से चंदा इकट्ठा किया और श्रमदान कर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया। ग्रामीणों के इस प्रयास से सड़क की स्थिति में काफी सुधार हुआ है और अब लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने लगी है।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव के विकास और मूलभूत सुविधाओं के लिए सभी को मिलकर आगे आने की जरूरत है। सामूहिक प्रयास से कोई भी कार्य असंभव नहीं होता।
इस मौके पर कर्रा प्रखंड कांग्रेस कमेटी के प्रखंड अध्यक्ष अल्बर्ट तिग्गा, हरमन बाखला, सुमित तिर्की, हबील धनवार, दानियल तिग्गा, सोमा धान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



