Khunti: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद खूंटी इकाई द्वारा बुधवार को बिरसा कॉलेज खूंटी के बहुद्देशीय भवन में दो दिवसीय “प्रतिभा सम्मान समारोह सह शिक्षा मेला” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिन मैट्रिक (10वीं) परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 3200 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। 
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अर्जुन मुंडा, अभाविप प्रदेश अध्यक्ष डॉ मौसमी पॉल, प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी तथा बिरसा कॉलेज के प्राचार्य डॉ चंद्रकिशोर भगत द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा के महत्व एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई।
अपने संबोधन में अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और शिक्षा के माध्यम से ही समाज एवं राष्ट्र को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने अभाविप द्वारा लगातार इस प्रकार के आयोजन किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रेरित करने में ऐसे कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। 
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है। परिषद विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने का कार्य कर रही है। प्रतिभा सम्मान समारोह जैसे आयोजन विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाते हैं तथा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। खूंटी जैसे क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर विद्यार्थियों को सम्मानित करना अत्यंत प्रशंसनीय पहल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ मौसमी पॉल ने कहा कि परिषद सदैव छात्रहित एवं शिक्षा के विकास के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, शिक्षक, प्रशासक एवं राष्ट्रनिर्माता बनेंगे।
वहीं बिरसा कॉलेज के प्राचार्य डॉ चंद्रकिशोर भगत ने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करना शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा अपने जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। 
कार्यक्रम के दौरान आयोजित शिक्षा मेले में विभिन्न शिक्षण संस्थानों द्वारा विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, करियर मार्गदर्शन एवं उच्च शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई। शिक्षा मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसरों एवं करियर विकल्पों से अवगत कराना था। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया।
समारोह के सफल संचालन में परिषद के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा सम्मान प्राप्त कर वे गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। 
अभाविप प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिषद सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक कार्य करती रहेगी।
परिषद द्वारा जानकारी दी गई कि कार्यक्रम के दूसरे दिन 15 मई को इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। परिषद ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।



