Khunti: जिले में उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कर्रा थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के तीन हार्डकोर उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, पीएलएफआई के पर्चे, मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 6 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि कर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम मुरहू जंगल में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के कुछ हार्डकोर सदस्य बैठक कर रहे हैं। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में संगठन का विस्तार करना, लेवी वसूली की योजना बनाना तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देना था।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा, क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल क्षेत्र में छापेमारी की, जहां से तीन उग्रवादियों को हथियार और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान सेमुल गुड़िया, धीरज स्वांसी और सुनील स्वांसी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों ने कई उग्रवादी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों ने बीते 30 अप्रैल को कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटमकुकु, सरना स्थल (महुआ टोली) के समीप रेलवे निर्माण कार्य में लगे वाहनों पर फायरिंग, आगजनी एवं पीएलएफआई का पर्चा चिपकाने की घटना में अपनी भागीदारी स्वीकार की है। इसके अलावा तोरपा थाना क्षेत्र में गैस एजेंसी संचालक के वाहन पर गोलीबारी की घटना में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है। इन घटनाओं के संबंध में कर्रा थाना कांड संख्या 31/26 एवं तोरपा थाना कांड संख्या 19/26 दर्ज है।
गिरफ्तार उग्रवादियों का विवरण
1. सेमुल गुड़िया, उम्र लगभग 20 वर्ष, ग्राम- जलासर, थाना- बंदगांव, जिला- पश्चिमी सिंहभूम। 2. धीरज स्वांसी उम्र लगभग 19 वर्ष, ग्राम- चपाबहार, थाना- तपकरा, जिला- खूंटी 3. सुनील स्वांसी, उम्र लगभग 28 वर्ष, ग्राम- निचितपुर, थाना- रनिया, जिला खूंटी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी सेमुल गुड़िया का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ तपकरा थाना में आर्म्स एक्ट एवं सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
इस अभियान में एसडीपीओ तोरपा क्रिस्टोफर केरकेट्टा, पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार, कर्रा थाना प्रभारी दीपक कांत कुमार, जरियागढ़ थाना प्रभारी विरेंद्र कुमार, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार समेत कर्रा थाना, खूंटी थाना और तकनीकी शाखा की टीम की अहम भूमिका रही।
एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि जिले में उग्रवादी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, लेवी वसूली और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



