Breaking News

देवघर बनेगा अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं का नया केंद्र, साहिबगंज-पाकुड़ को मिलेगी वंदे भारत और शुरू होगा बिहार-झारखंड का पहला वीजा सेंटर

Deoghar : झारखंड के देवघर और संताल परगना क्षेत्र के लिए बड़ी सौगातों का ऐलान करते हुए गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र देश के महत्वपूर्ण विकास केंद्रों में शामिल होगा। उन्होंने बताया कि अक्टूबर-नवंबर तक देवघर में बिहार और झारखंड का पहला वीजा फैसिलिटी सेंटर शुरू हो जाएगा, जिससे लोगों को वीजा बनवाने के लिए अब दिल्ली या कोलकाता नहीं जाना पड़ेगा।

सांसद ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से विदेश यात्रा, पर्यटन और पढ़ाई के लिए जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। शुरुआती चरण में सिंगापुर, दुबई, थाईलैंड, मलेशिया और बैंकॉक जैसे देशों के लिए वीजा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे बड़े राज्यों में भी अभी ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं है।

निशिकांत दुबे ने यह भी बताया कि देवघर एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा, जिसके लिए लगभग 450 करोड़ रुपये मंजूर हो चुके हैं। जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू होगी और एयरपोर्ट से नई उड़ानों की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि देवघर से गुवाहाटी, हैदराबाद और सूरत के लिए विमान सेवा शुरू होगी, जबकि मुंबई और कोलकाता के लिए प्रतिदिन फ्लाइट उपलब्ध होगी।

रेल कनेक्टिविटी को लेकर भी सांसद ने कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि गोड्डा से गुजरात और कोटा के लिए सीधी ट्रेन सेवा जल्द शुरू की जाएगी। इसके अलावा दिसंबर 2027 तक गोड्डा-महगामा रेल लाइन का काम पूरा होने की उम्मीद है, जबकि जून 2028 तक देवघर से पीरपैंती रेल लाइन भी तैयार हो जाएगी।

उन्होंने जानकारी दी कि गोड्डा और पाकुड़ के बीच नई रेल लाइन बिछाने की योजना भी बनाई जा रही है, जिसे पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा। सांसद के अनुसार यह परियोजना संताल परगना क्षेत्र में व्यापार और यातायात को नई गति देगी।

सबसे अहम घोषणा वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर हुई। सांसद ने कहा कि भागलपुर से कोलकाता के बीच जल्द ही वंदे भारत ट्रेन शुरू होगी, जिसका ठहराव साहिबगंज और पाकुड़ में भी होगा। इससे इन इलाकों के यात्रियों को तेज और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

निशिकांत दुबे ने कहा कि संताल परगना तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। एयरपोर्ट विस्तार, नई रेल लाइनें, वंदे भारत सेवा और वीजा सेंटर जैसी परियोजनाएं इस क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का काम करेंगी।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post