Khunti: जरियागढ़ थाना क्षेत्र के लिमड़ा गांव में बुधवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक सुंदरू कच्छप की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुंदरू कच्छप बुधवार को बाइक से गोविंदपुर रेलवे स्टेशन घूमने गया था। देर शाम वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान करीब साढ़े सात बजे लिमड़ा गांव के समीप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुंदरू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही जरियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों व परिजनों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि सुंदरू के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां और दो भाई हैं। जवान बेटे की असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल खूंटी में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल बोलेरो वाहन को जब्त कर जरियागढ़ थाना लाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



