Khunti: हत्या, आर्म्स एक्ट और नक्सल गतिविधियों से जुड़े एक लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान लूसा मुण्डा के रूप में हुई है, जो बूटन मुण्डा उर्फ बुधु मुण्डा का पुत्र है और थाना मारंगहदा क्षेत्र के बोंगामांद गांव का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, लूसा मुण्डा वर्ष 2014 में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध खूँटी थाना कांड संख्या 70/14, दिनांक 04 जून 2014 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 201 (सबूत मिटाना), 120(B) (आपराधिक साजिश) एवं 34 (समान उद्देश्य) के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धारा 27 तथा सीएलए एक्ट की धारा 17 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गुप्त सूचना के आधार पर मारंगहदा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि अभियुक्त नक्सल गतिविधियों में भी संलिप्त रहा है और लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



