Khunti: खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भालू टोली गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भालू टोली निवासी आयुष तोपनो के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार करीब 2:30 बजे आयुष अपने घर के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान कामडारा से तोरपा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार डिजायर कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आयुष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद बालक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और तत्काल रनिया थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक आयुष के पिता प्रफुल्ल तोपनो हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करते हैं। आयुष संत पॉल इंग्लिश मीडियम स्कूल, रायकेरा का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।



