Khunti: जिले के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को ऐतिहासिक स्थल उलिहातु पहुंचकर महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बिरसा मुंडा के पैतृक आवास एवं बिरसा कॉम्पलेक्स का भ्रमण किया और श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया। 
दौरे के क्रम में एसपी ने वहां की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व के इस स्थल पर स्वच्छता और सुरक्षा के उच्च मानकों को हर हाल में बनाए रखा जाए, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने सायको थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों का संधारण, लंबित मामलों की समीक्षा, आगंतुक पंजी तथा मालखाना का बारीकी से अवलोकन किया गया। 
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने, अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्ती बढ़ाने तथा आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
एसपी ऋषभ गर्ग ने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा और भरोसा कायम रखना है। इसके लिए थाना स्तर पर कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और तत्परता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना होगा।



