Breaking News

झारखंड में मतदाता सूची पर सियासी संग्राम तेज, JMM ने BLA-2 अभियान किया तेज

Khunti: झारखंड की राजनीति में इन दिनों मतदाता सूची को लेकर घमासान तेज हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने संभावित ‘संदिग्ध कटौती’ और मतदाता सूची में छेड़छाड़ के आरोपों के बीच बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की नियुक्ति को लेकर जिलेभर में व्यापक अभियान छेड़ दिया है। पार्टी द्वारा विभिन्न प्रखंडों में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जहां कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिया जा रहा है कि वे हर हाल में सही मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ें और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर पैनी नजर रखें।

बैठकों के दौरान JMM नेताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए चुनाव आयोग पर दबाव बनाया जा रहा है। नेताओं ने दावा किया कि हाल ही में बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए, जिनमें अधिकतर विपक्षी विचारधारा से जुड़े लोग थे। पार्टी का आरोप है कि इसी ‘मॉडल’ को अब झारखंड में लागू करने की तैयारी की जा रही है।

जिलाध्यक्ष ने दी चेतावनी, एकजुटता पर दिया जोर

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि SIR के माध्यम से केंद्र सरकार विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां बड़ी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती कर राज्य पुलिस की भूमिका को सीमित किया गया, ताकि चुनावी प्रक्रिया पर प्रभाव डाला जा सके।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि समाज में धर्म, जाति और समुदाय के आधार पर विभाजन की कोशिशों से सतर्क रहने की जरूरत है। “हमें किसी भी भ्रम में नहीं रहना है। अगर हम बंट गए, तो आने वाले पुनरीक्षण में बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से कट सकते हैं, जिससे वे सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित हो जाएंगे,” उन्होंने कहा।

हर बूथ पर सतर्क रहने का आह्वान

केंद्रीय सदस्य सह जिला सचिव सुशील पाहन ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि SIR प्रक्रिया के नाम पर एक विशेष एजेंडे के तहत मतदाताओं को हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के बाद अब वही स्थिति झारखंड में दोहराने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि हर बूथ पर सक्रिय रहते हुए नए मतदाताओं का नाम जोड़ें, फर्जी नामों को हटाने में सहयोग करें और किसी भी वैध मतदाता का नाम कटने न दें।

अन्य नेताओं ने भी रखे विचार

बैठक में केंद्रीय सदस्य स्नेहलता कंडुलना, सुशांति कोनगाड़ी, गुलशन सिंह मुंडा, क्रीड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रकाश नाग मुंडा और किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मांगू होरो सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव शंकर सिंह मुंडा ने किया। बैठक में मकसूद अंसारी, अमरनाथ मुंडा, सनिका बोदरा, कमलेश महतो, विमल पाहन, सुखराम सरूकद, अर्चना नाग, अनिल कच्छप समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रणनीति साफ—“हर मतदाता तक पहुंच, हर नाम की सुरक्षा”

JMM ने स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले समय में मतदाता सूची को लेकर वह कोई भी ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। BLA-2 की नियुक्ति के जरिए पार्टी बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत कर रही है, ताकि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी योग्य मतदाता का अधिकार प्रभावित न हो।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post