Khunti: संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर खूंटी के महादेव मंडा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके विचारों और सिद्धांतों को याद करते हुए समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है, जिनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।
इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में माहेश्वर प्रसाद तथा खूंटी के पूर्व स्टेनो विजेंद्र कुमार राम उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया और उनका योगदान देश के लिए अमूल्य है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष विनय नायक, महासचिव सावन नायक, प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी विष्णु नायक, जिला उपाध्यक्ष प्रेम नायक, संगठन मंत्री नथन नायक, नागेंद्र नायक, प्रखंड अध्यक्ष विजय नायक, मंत्री दीपेश नायक, बजरंग नायक, अलित नायक, सिकंदर नायक, प्रदीप नायक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा चलाम गांव से लाल नायक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनमें बाबा साहेब के जीवन और उनके विचारों को प्रस्तुत किया गया।



