Khunti: खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र स्थित सर्वो घाटी एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। बुधवार देर रात लगभग 1:00 बजे पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से नागपुर जा रहा तार लदा एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर घाटी में पलट गया। हादसे में ट्रक के खलासी विकास पटेल (24 वर्ष) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक अमर सिंह और एक अन्य खलासी सचिन पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात इलाके में हल्की बारिश हो रही थी। बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई थी। बताया जाता है कि सर्वो घाटी के खतरनाक मोड़ पर चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के नीचे दबकर विकास पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को रेफरल अस्पताल तोरपा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार चालक अमर सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। बताया गया है कि मृतक और घायल तीनों उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के निवासी हैं।
लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा सर्वो घाटी
सर्वो घाटी में यह कोई पहली दुर्घटना नहीं है। इसी घाटी में बीते 2 अप्रैल को भी एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जब एक ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद उसी पर पलट गया था। उस हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
लगातार हो रहे हादसों ने सर्वो घाटी को बेहद खतरनाक बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी में तीखे मोड़, फिसलन भरी सड़क और अपर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अब तक यहां कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि अनेक घायल हुए हैं।
लोगों में भय का माहौल
सर्वो घाटी से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों में हमेशा डर बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घाटी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, चेतावनी संकेतक बढ़ाए जाएं तथा सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक सुधार कार्य जल्द कराए जाएं, ताकि आगे ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।



