Bokaro: बोकारो पुलिस ने अमन साहू गैंग और प्रिंस खान गैंग के नाम पर व्यवसायियों से रंगदारी मांगने वाले बड़े गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से हथियार, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि मुख्य सरगना प्रिंस कुमार गुप्ता उर्फ भाटिया है। इसके अलावा श्याम कुमार सिंह, अजय सिंह, ओमप्रकाश पाल, जैनेंद्र शुक्ला, गोलू कुमार और भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
गिरोह की कार्यप्रणाली
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह व्यवसायियों के मोबाइल नंबर जुटाकर बड़े गिरोह तक पहुंचाता था और धमकियां देकर रंगदारी वसूल करता था। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में प्रिंस कुमार गुप्ता के पैर में गोली लगी, जिन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हथियार और सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, देसी कट्टा, जिंदा गोलियां, कार्बाइन की दो मैगजीन, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक स्कूटी जब्त की है।
रंगदारी की मांग और पुलिस कार्रवाई
पिछले कुछ दिनों से अमन साहू गैंग और प्रिंस खान गिरोह के सदस्य व्यवसायियों को धमकी भरे कॉल और मैसेज भेजकर डराते थे। सिटी डीएसपी के नेतृत्व में गठित SIT ने त्वरित कार्रवाई कर इस गिरोह को गिरफ्तार किया और दोनों मामलों का उद्भेदन किया।
एसपी का बयान
एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि दोनों गिरोहों के आपसी संबंध और नेटवर्क की जांच जारी है। यह देश विरोधी गतिविधि है, जिसे अंजाम देने से रोका गया। पुलिस अन्य अपराधियों की तलाश और गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में लगी हुई है।


