Khunti: तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया इन दिनों झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के स्टार प्रचारक के रूप में असम विधानसभा चुनाव में सक्रिय रूप से प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बावजूद उनका ध्यान लगातार अपने गृह जिला खूंटी के हालात पर बना हुआ है। जिले में हाल के दिनों में बिगड़ते आपसी सौहार्द को लेकर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की है और सभी नागरिकों से शांति एवं भाईचारे को बनाए रखने की अपील की है।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि खूंटी, भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती है, जिसकी पहचान हमेशा से सामाजिक समरसता और जनआंदोलनों की रही है। यहां हिंदू, मुस्लिम, सरना और ईसाई सहित सभी समुदायों के लोग वर्षों से आपसी भाईचारे के साथ रहते आए हैं और हर पर्व-त्योहार को मिलजुल कर मनाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही खूंटी की असली ताकत और पहचान है, जिसे किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं होने देना चाहिए।
मुरहू में हाल ही में हुई घटना पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और समाज को भीतर से कमजोर करती हैं। उन्होंने कहा, “यह सोचकर मन आहत होता है कि हम अपनी ऊर्जा आपसी संघर्ष में खर्च कर रहे हैं, जबकि हमें जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना चाहिए। साथ ही अशिक्षा, बेरोजगारी और गरीबी जैसी समस्याओं से लड़ना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।”
उन्होंने पत्थरबाजी और टकराव की घटनाओं को समाज के लिए घातक बताते हुए कहा कि इससे न केवल सामाजिक एकता प्रभावित होती है, बल्कि वैमनस्य का माहौल भी बनता है। खूंटी की परंपरा प्रेम, सहयोग और एकता की रही है, जिसे हर हाल में कायम रखना जरूरी है।
सुदीप गुड़िया ने कहा कि श्रीरामनवमी जैसे पावन पर्व हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने का संदेश देते हैं। यह समय है कि हम रामराज्य की अवधारणा को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें, जहां न्याय, प्रेम, शांति और समृद्धि का वातावरण हो। उन्होंने कुरान की आयत (सूरह अल-हुजुरात 49:13) का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी इंसान बराबर हैं और असली श्रेष्ठता इंसानियत और अच्छे आचरण में होती है।
उन्होंने आगे कहा कि मुरहू समेत पूरे खूंटी जिले की जनता सामाजिक समरसता को हर हाल में बनाए रखे। “हम सभी एक परिवार के सदस्य हैं। परिवार में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन हमें उन मतभेदों को आपसी संवाद से दूर करना चाहिए। जैसे वाहन चलाते समय चालक साइड मिरर देखता है, लेकिन उसकी नजर आगे के रास्ते पर रहती है, वैसे ही हमें भी अतीत से सीख लेकर भविष्य की ओर बढ़ना होगा।”
विधायक ने जानकारी दी कि वे फिलहाल असम में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं, लेकिन लौटते ही मुरहू का दौरा करेंगे। इस दौरान उनके साथ खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों समुदायों के लोगों को एक साथ बैठाकर आपसी गिले-शिकवे दूर किए जाएंगे और जिले में फिर से भाईचारे का माहौल स्थापित किया जाएगा।
आगे उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “आइए, हम सब मिलकर एक समृद्ध, शांतिपूर्ण और आदर्श खूंटी के निर्माण का संकल्प लें।”



