Khunti: रामनवमी महोत्सव के दौरान मुरहू थाना क्षेत्र में दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद उत्पन्न तनाव अब आंदोलन का रूप ले चुका है। पुलिस द्वारा हिंदू समुदाय के तीन लोगों की गिरफ्तारी के विरोध और उनकी बिना शर्त रिहाई की मांग को लेकर केंद्रीय रामनवमी महासमिति के आह्वान पर सोमवार को खूंटी जिला बंद का पहला दिन रहा, जिसका जिलेभर में व्यापक असर देखने को मिला। 
जिला मुख्यालय खूंटी के साथ-साथ तोरपा, रनिया और मुरहू प्रखंडों में बंद पूरी तरह सफल रहा। सुबह से ही बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और अधिकांश दुकानें व व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। हालांकि प्रशासन द्वारा आवश्यक सेवाओं और वाहनों को बंद से मुक्त रखा गया था, जिसके कारण सड़कों पर वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा। वहीं कर्रा प्रखंड में बंद का असर अपेक्षाकृत कम देखने को मिला।
प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बंद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और लगातार गश्ती अभियान चलाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मशाल जुलूस और पुतला दहन से बढ़ा आक्रोश
गिरफ्तार लोगों की रिहाई की मांग को लेकर शाम के समय केंद्रीय रामनवमी महासमिति और विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकाला। जुलूस नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक से शुरू होकर भगत सिंह चौक तक गया और फिर वापस नेताजी चौक पहुंचा, जहां राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का पुतला दहन किया गया। 
इस दौरान महासमिति के अध्यक्ष अनूप साहू, महामंत्री जितेंद्र कश्यप, विहिप जिलाध्यक्ष विनोद जायसवाल, बजरंग दल के मुकेश जायसवाल और चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रियांक भगत समेत कई लोग मौजूद रहे।
रिहाई तक जारी रहेगा बंद
महासमिति और अन्य संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक गिरफ्तार किए गए निर्दोष लोगों को बिना शर्त रिहा नहीं किया जाता, तब तक खूंटी जिला बंद अनिश्चितकालीन जारी रहेगा। महामंत्री जितेंद्र कश्यप ने जिले के व्यापारियों और आम लोगों से बंद को समर्थन देने की अपील की है।
दोनों पक्षों से तीन-तीन लोग गिरफ्तार
मुरहू में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए पथराव और अगले दिन हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन-तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक पक्ष से आकिब खान (25), शहबाज खान (27) और आबिद खान (45) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष से साकेत कुमार (28), नरेश महतो (28) और दीपक महतो (36) को जेल भेजा गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने बताया कि कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
प्रशासन पर पक्षपात का आरोप
महामंत्री जितेंद्र कश्यप ने प्रशासन पर हिंदू समाज के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मुरहू थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित या स्थानांतरित करने की मांग की, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रह सके।
वहीं महासमिति के अध्यक्ष अनूप साहू ने दोहराया कि जब तक “निर्दोष रामभक्तों” को रिहा नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन और बंद जारी रहेगा।
स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में
फिलहाल मुरहू और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन प्रशासन के अनुसार हालात नियंत्रण में हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।



