Khunti: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर आयोजित प्रखंड स्तरीय संवाद कार्यक्रम के तहत सोमवार को रनिया नगर भवन परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बूथ लेवल एजेंटों (BLA) एवं पंचायत पदाधिकारियों की भागीदारी रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा उपस्थित रहे, जबकि बैठक की अध्यक्षता रनिया प्रखंड अध्यक्ष जोन कन्डुलना ने की। 
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने बूथ लेवल एजेंटों को विधिवत नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने सभी बीएलए और पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाता सूची का गंभीरता से अवलोकन करें और नए मतदाताओं का नाम जोड़ने तथा छूटे हुए नामों को शामिल कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
अपने संबोधन में रवि मिश्रा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों के लिए रोजगार का एक बड़ा सहारा है, लेकिन केंद्र सरकार की नीतियों के कारण इस योजना के क्रियान्वयन में कई तरह की दिक्कतें उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने इन समस्याओं को तथ्य के साथ कार्यकर्ताओं के सामने रखा और कहा कि कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस के एजेंडे में शामिल पेसा कानून का जिक्र करते हुए कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए कांग्रेस पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि पेसा कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने से आदिवासी समुदाय के अधिकार मजबूत होंगे और स्थानीय संसाधनों पर उनका नियंत्रण सुनिश्चित होगा। 
बैठक में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि इन सभी मुद्दों और पार्टी की नीतियों को प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक व्यापक रूप से प्रचारित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी पहुंच सके।
इस अवसर पर प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, मंडल अध्यक्ष रनिया राम सिंह, अनमोल होरो, अजित मड़की, अनुदित टोपनो, राहिल बागे, शंकर राम, अल्बर्ट मड़की, मोनजिल खान, फागू नायक, कोयांग डहंगा सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



