Giridihi: गिरिडीह जिले में जंगली हाथी के हमले में घायल एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना बगोदर थाना क्षेत्र के मुंडरो पंचायत स्थित गम्हरिया गांव की है।
शनिवार को हुआ था हाथी का हमला
जानकारी के अनुसार, गम्हरिया गांव निवासी रोशन मंडल को शनिवार को झुंड से भटके एक जंगली हाथी ने अपनी चपेट में ले लिया था। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद उन्हें पहले बगोदर ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों को मुआवजा देने की मांग
मुंडरो पंचायत के मुखिया बंधन महतो ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग और हजारीबाग पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ को दे दी गई है। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा और अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
वहीं भाकपा-माले नेता उमेश मंडल ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को वन विभाग से मिलने वाले सभी सरकारी लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।


