Dhanbad: धनबाद में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के मुठभेड़ में गैंग के तीन गुर्गों को घायल कर दिया।
दो अपराधियों के पैर में लगी गोली
मुठभेड़ भागाबांध ओपी क्षेत्र और जोरापोखर ओपी क्षेत्र के बॉर्डर इलाके में हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अमन सिंह उर्फ कुबेर और विक्की डोम के पैर में गोली लगी।
वहीं तीसरा आरोपी अफजल अमन पुलिस से बचकर भागने की कोशिश में खंडहरनुमा इमारत से कूद गया, जिससे उसका पैर टूट गया। तीनों को घायल हालत में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी ने दी कार्रवाई की जानकारी
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को गैंग की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए और एक भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया।
कई फायरिंग घटनाओं में शामिल था गैंग
पुलिस के अनुसार यह वही गैंग है जिसने हाल ही में एयरपोर्ट रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में फायरिंग की थी। इसके अलावा धनबाद के वासेपुर इलाके के आर मोड़ के पास हुई फायरिंग में भी इन अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी।
पहले भी हो चुकी है मुठभेड़
कुछ दिन पहले भी भुईफोड फायरिंग जोन इलाके में पुलिस और प्रिंस खान गैंग के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी थी और एक अन्य को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।


