Breaking News

जमीन विवाद में सुकरा महतो की हत्या, पूरे परिवार को मारने का था प्लान अब शूटर समेत पांच गिरफ्तार

Khunti: जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई सुकरा महतो की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक शूटर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीती 6 मार्च की रात कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में अपराधियों ने गोली मारकर सुकरा महतो की हत्या कर दी थी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से कर्रा थाना में मामला दर्ज कराया गया था। कांड की गंभीरता को देखते हुए तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने 8 मार्च को कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विकास महतो (26 वर्ष), बिनोद महतो (23 वर्ष), रामप्रसाद महतो उर्फ छोटू (24 वर्ष), सिकन्दर महतो उर्फ सचिन (28 वर्ष) और रामू महतो (लगभग 24 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव के ही रहने वाले हैं। इनमें विकास महतो शूटर है, जिसने सुकरा महतो को गोली मारी थी।

एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि सुकरा महतो के ससुर का कोई बेटा नहीं था। ऐसी स्थिति में उनके ससुर ने अपनी लगभग 17 एकड़ जमीन अपनी दो बेटियों (जिसमें एक सुकरा महतो की पत्नी भी शामिल है) के नाम लिख दी थी। इसके बाद से सुकरा महतो अपने परिवार के साथ तिमड़ा गांव में ही रह रहे थे।

आरोपियों को यह बात नागवार गुजर रही थी कि उनके गोतिया की जमीन बेटियों को मिल गई। उनका मानना था कि जमीन में बेटियों को हिस्सा नहीं मिलना चाहिए था। इसी जमीन को लेकर मामला कोर्ट तक पहुंच गया था, जहां फैसला सुकरा महतो के पक्ष में आया था। कोर्ट का फैसला आने के बाद भी आरोपियों में नाराजगी बनी रही।

इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से सुकरा महतो की हत्या की साजिश रची और 6 मार्च की रात उन्हें गोली मार दी। आरोपियों का इरादा केवल सुकरा महतो को ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार को मारकर खत्म करने का था। घटना के दौरान सुकरा महतो के बेटे को भी गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और एक अपाची मोटरसाइकिल जिसका इंजन संख्या JH23A-3806 को जंगल से बरामद किया है। पुलिस के अनुसार इस कांड में शामिल अन्य शूटर और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में शामिल बाकी अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post