Khunti: खूंटी थाना क्षेत्र के कमंता डैम में नहाने गए एक युवक के डूबने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। फिलहाल युवक का कोई पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खूंटी थाना क्षेत्र के अनिगाड़ा गांव के रहने वाले करन सिंह, बिंदेश्वर होरो, सुखराम पाहन, घसिराय पाहन, सुबोध सारुकद पूर्ति और आकाश पूर्ति शुक्रवार की दोपहर लगभग दो बजे कमंता डैम में नहाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि सभी युवक डैम में नहा रहे थे, इसी दौरान लगभग 22 वर्षीय आकाश पूर्ति अचानक पानी में गायब हो गया।
साथ में मौजूद युवकों ने बताया कि पहले तो उन्हें लगा कि आकाश पूर्ति मजाक कर रहा है, लेकिन काफी देर तक वह दिखाई नहीं दिया तो सभी ने डैम और आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो सभी युवकों ने अपने स्तर से घर और गांव के आसपास भी तलाश की, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

घटनास्थल पर आकाश पूर्ति का कपड़ा, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान डैम किनारे रखा हुआ मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह डैम में डूब गया होगा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना खूंटी थाना को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डैम तथा आसपास के इलाके में खोजबीन कराई, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
पुलिस ने बताया कि गोताखोर को बुलाया गया है, लेकिन रात हो जाने के कारण पानी में तलाश अभियान शुरू नहीं किया जा सका। अब शनिवार सुबह गोताखोर की मदद से डैम में युवक की तलाश की जाएगी।
इधर, घटना के संबंध में अधिक जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने साथ में नहाने गए युवकों को पूछताछ के लिए थाना ले गई है, ताकि घटना के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त की जा सके। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।



