Khunti: जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में मेला देखकर घर लौट रहे एक युवक से हथियार के बल पर लूटपाट करने और विरोध करने पर गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक की-पैड मोबाइल भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी उपलब्ध कराई है जिसमें उन्होंने बताया है कि बीते 8 फरवरी 2026 को खूंटी थाना क्षेत्र के गांडु सरमाली गांव निवासी वादी मेला देखकर शाम करीब 7 बजे अपने चार पहिया वाहन से घर लौट रहा था। इसी दौरान मुरहू थाना क्षेत्र के बगमा स्थित मारंगटोली रोड में सुनसान जगह पर पहले से घात लगाए तीन-चार अज्ञात अपराधियों ने उसे हथियार का भय दिखाकर वाहन रोक लिया। इसके बाद अपराधियों ने उससे पैसे की मांग की।
बताया जाता है कि जब वादी ने पैसे देने से इनकार किया तो अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली वादी के पैर में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में मुरहू थाना में कांड संख्या 09/26 दिनांक 08 फरवरी 2026 को धारा 106/118(2)/126(2) बीएनएस 2023 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सायको थाना क्षेत्र के जिलिंगकेला बुंडुटोला निवासी 20 वर्षीय अमित मुंडू (पिता- रोशन मुंडू) तथा मुरहू थाना क्षेत्र के बगमा टोला- गिडुंग निवासी 25 वर्षीय मुनी पूर्ति उर्फ केके उर्फ बिरसा पूर्ति (पिता- नित पूर्ति) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमित मुंडू के खिलाफ सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना में पूर्व से ही आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं मुनी पूर्ति उर्फ केके उर्फ बिरसा पूर्ति के खिलाफ मुरहू थाना में वर्ष 2020 में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में तथा वर्ष 2024 में हत्या के प्रयास से जुड़े मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


