Breaking News

बच्चा चोरी की अफवाह पर युवक को भीड़ ने पेड़ से बांधकर पीटा, किया पुलिस के हवाले

Khunti: खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह ने लोगों के बीच दहशत और अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया। रनिया थाना क्षेत्र के सोदे गांव में गुरुवार की शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के संदेह में एक युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को एक पेड़ से बांध दिया और काफी देर तक उसके साथ मारपीट करते रहे। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाना ले आई।

मिली जानकारी के अनुसार सोदे गांव के पास एक युवक को एक छोटे बच्चे के साथ कोइल नदी की ओर जाते हुए देखा गया। इसी दौरान कुछ लोगों को उस पर संदेह हुआ और उन्होंने शोर मचा दिया कि कोई व्यक्ति बच्चे को बहला-फुसलाकर ले जा रहा है। देखते ही देखते गांव में बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए।

आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को बच्चे के साथ पकड़ लिया और बिना कुछ समझे-बूझे उसकी पिटाई शुरू कर दी। भीड़ का गुस्सा इतना बढ़ गया कि लोगों ने उसे पास के एक पेड़ से बांध दिया और लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने भी युवक पर हाथ उठा दिया। काफी देर तक युवक भीड़ के बीच अपनी सफाई देता रहा और बच्चा चोरी के आरोप से इनकार करता रहा, लेकिन भीड़ ने उसकी एक नहीं सुनी।

घटना की सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह युवक को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस उसे थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई।

रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुमार ने बताया कि पकड़ा गया युवक सोदे गांव का ही रहने वाला लच्छु कुमार है, जो पेशे से ट्रक में खलासी का काम करता है। प्रारंभिक जांच में बच्चा चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था, जिसके कारण लोगों को उस पर शक हुआ और वह अफवाह का शिकार हो गया।

मारपीट में घायल युवक का इलाज कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक बच्चे को लेकर कहां और किस उद्देश्य से जा रहा था।

थाना प्रभारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखकर कानून को अपने हाथ में न लें। अगर किसी पर शक हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। अफवाह के आधार पर किसी के साथ मारपीट करना कानूनन अपराध है और कई बार भीड़ की हिंसा में लोगों की जान तक चली जाती है। उन्होंने ग्रामीणों से संयम बरतने और ऐसी घटनाओं से बचने की अपील की है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post