Hazaribagh: हजारीबाग में इस बार चुनावी नतीजों के बीच एक अलग ही कहानी चर्चा में है। हजारीबाग नगर निगम के वार्ड 27 से सोनी छेत्री ने जीत दर्ज की है। औपचारिक घोषणा भले बाकी हो, लेकिन उनकी जीत तय मानी जा रही है।
जीत तक नहीं पहनी चप्पल
सोनी छेत्री ने मतदान के दिन प्रण लिया था कि जब तक परिणाम उनके पक्ष में नहीं आएगा, वह चप्पल नहीं पहनेंगी। मतदान के दिन से लेकर मतगणना तक वह नंगे पांव ही रहीं। बूथ के बाहर खड़ी रहीं, सड़कों पर मतदाताओं से मिलीं — और अपने संकल्प पर अडिग रहीं।
उनका कहना है कि चुनाव उनके लिए “तपस्या” जैसा था। और इस तपस्या का फल अब उन्हें मिल गया है।
दूसरी बार बनीं पार्षद
हजारीबाग नगर निगम के इस चुनाव में सोनी छेत्री पहले भी वार्ड पार्षद रह चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कार्यकाल में किए गए कामों का ही यह परिणाम है कि जनता ने दोबारा भरोसा जताया।
उन्होंने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत जनता के प्यार और विश्वास की जीत है।
आगे की प्राथमिकताएं
सोनी छेत्री ने कहा कि इस बार उनकी पहली प्राथमिकता पूरे वार्ड को सीसीटीवी कैमरों से कवर करना है, ताकि नशाखोरी और चोरी जैसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके। उनका मानना है कि निगरानी व्यवस्था मजबूत होने से गलत गतिविधियों में कमी आएगी और लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।
इस चुनाव में जहां एक तरफ रणनीति और प्रचार की चर्चा रही, वहीं सोनी छेत्री की “नंगे पांव तपस्या” ने लोगों का खास ध्यान खींचा। अब देखना होगा कि वह अपने वादों को जमीन पर कैसे उतारती हैं।


