Hazaribagh: हजारीबाग में नगर निकाय चुनाव की मतगणना अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और पूरे शहर में प्रशासन हाई अलर्ट पर है। बाजार समिति स्थित मतगणना केंद्र पर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी कैंप कर पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। मतगणना निर्धारित समय से शुरू हुई और इसे निष्पक्ष, पारदर्शी तथा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
अंजनी अंजन ने बताया कि मतगणना केंद्र से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे शहर में 9 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) लगातार गश्त कर रही हैं, जबकि बाइक पार्टी भी सक्रिय है। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। मतगणना केंद्र के प्रवेश द्वार पर सख्त जांच के बाद ही अधिकृत अभ्यर्थियों और उनके एजेंटों को प्रवेश दिया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिणाम घोषित होने के बाद निकलने वाले विजय जुलूस के दौरान भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे। प्रत्येक वार्ड में अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। एसपी ने विजयी प्रत्याशियों से अपील की है कि वे जश्न मनाते समय किसी की भावनाओं को आहत न करें और कानून व्यवस्था का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
हजारीबाग नगर निगम के 36 वार्डों के लिए मतगणना छह अलग-अलग हॉल में की जा रही है। वार्ड 01 से 06 के लिए हॉल संख्या 01 में 15 टेबल, वार्ड 07 से 12 के लिए हॉल संख्या 02 में 14 टेबल, वार्ड 13 से 18 के लिए हॉल संख्या 03 में 13 टेबल, वार्ड 19 से 24 के लिए हॉल संख्या 04 में 14 टेबल, वार्ड 25 से 30 के लिए हॉल संख्या 05 में 14 टेबल और वार्ड 31 से 36 के लिए हॉल संख्या 06 में 15 टेबल लगाए गए हैं। मतपत्रों को प्रत्याशीवार अलग कर 50-50 के बंडल बनाए जा रहे हैं और अमान्य मतों को पृथक रखा जा रहा है। कुल दो चरणों में मतगणना पूरी की जाएगी।
इस चुनाव में कुल मतदान प्रतिशत 49.96% रहा, जिसमें महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। 36 वार्डों में वार्ड पार्षद पद के लिए 164 प्रत्याशी और मेयर पद के लिए आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। दो वार्ड—13 और 36—में पार्षद पद पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं और वहां केवल मेयर पद के लिए मतदान हुआ। चुनाव संपन्न कराने के लिए 160 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां 800 से अधिक मतदान कर्मी, पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।
जैसे-जैसे परिणाम सामने आ रहे हैं, शहर में उत्साह बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया का यह अंतिम चरण पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।


