Pakur : पाकुड़ नगर परिषद को नया अध्यक्ष मिल गया है। कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण में दो चरणों में हुई मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर सबरी पाल ने शानदार जीत दर्ज की। पहले चरण में 21 वार्ड पार्षदों के मतों की गिनती पूरी की गई, इसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से अध्यक्ष पद के लिए डाले गए वोटों की गणना हुई। मतगणना समाप्त होने के बाद प्रेक्षक की मौजूदगी में नवनिर्वाचित 21 वार्ड पार्षदों को प्रमाण पत्र सौंपे गए, जिसके बाद अध्यक्ष पद पर विजयी सबरी पाल को भी प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सबरी पाल को कुल 7816 मत प्राप्त हुए। झामुमो समर्थित प्रत्याशी शेख सेलिना सुलताना को 5463 वोट मिले, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवार संपा साहा तीसरे स्थान पर रहीं और उन्हें 3730 मत मिले। इस प्रकार सबरी पाल ने शेख सेलिना सुलताना को 2353 मतों के अंतर से पराजित किया। अन्य प्रत्याशियों में कांग्रेस समर्थित मोनिता कुमारी को 1034, वाम दल समर्थित मुकुल भट्टाचार्य को 491, रीता देवी को 1040, सीमा सोनी भगत को 1138, मीता पांडेय को 589, पूनम देवी को 949 और ज्योति दुबे को 584 मत प्राप्त हुए।

जीत के बाद सबरी पाल ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत नहीं बल्कि नगर परिषद क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करना होगा। चुनाव से पहले किए गए सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का भरोसा भी उन्होंने जताया।

गौरतलब है कि इस चुनाव में राजनीतिक समीकरण भी काफी चर्चा में रहे। भाजपा ने अपनी महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष संपा साहा को समर्थन दिया था, जबकि महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रहीं सबरी पाल पार्टी के फैसले से नाराज होकर मैदान में उतरी थीं। उनके चुनाव लड़ने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी। संपा साहा के समर्थन में भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी पाकुड़ पहुंचे थे और कार्यकर्ताओं के साथ प्रचार किया था, लेकिन इसका अपेक्षित असर नहीं पड़ा। अंततः सबरी पाल ने मजबूती से मुकाबला करते हुए जीत हासिल की और नगर परिषद अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।


