Saraikela: हेमंत सोरेन पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पौत्र वीर सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सरायकेला जिले के जिलिंगगोड़ा गांव में वीर सोरेन के असामयिक निधन के बाद शोक की लहर छा गई। गांव का माहौल गमगीन रहा और बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विशेष रूप से वहां पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सोरेन का असमय निधन केवल एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य देने की प्रार्थना की। इस दौरान मुख्यमंत्री भावुक नजर आए।
अंत्येष्टि कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सुरक्षा के बीच पूरे रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। नम आंखों से लोगों ने वीर सोरेन को अंतिम विदाई दी।


