Jamshedpur: द्रौपदी मुर्मू कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रांची से जमशेदपुर पहुंचीं और कदमा स्थित मरीन ड्राइव के पास प्रस्तावित श्री जगन्नाथ मंदिर का शिलान्यास किया। सोनारी एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचीं।
कदमा में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र ट्रस्ट द्वारा भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच राष्ट्रपति ने मंदिर की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
100 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य मंदिर परिसर
श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट के अध्यक्ष एस.के. बेहरा ने बताया कि लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मंदिर ढाई एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। मुख्य मंदिर परिसर करीब डेढ़ एकड़ में और आध्यात्मिक-सांस्कृतिक केंद्र एक एकड़ में बनेगा। मंदिर की संरचना जगन्नाथ मंदिर पुरी की तर्ज पर तैयार की जाएगी।
निर्माण कार्य चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि आध्यात्मिक केंद्र दो वर्षों में बनकर तैयार हो जाएगा। केंद्र का उद्देश्य युवाओं के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित रहेगा। गीता और भागवत जैसे ग्रंथों के माध्यम से नैतिकता, अनुशासन और आत्मबल की शिक्षा दी जाएगी। लगभग 200-250 किलोमीटर के दायरे के शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को यहां आमंत्रित करने की योजना है, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में भी कार्यक्रम
राष्ट्रपति का अगला कार्यक्रम बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में निर्धारित है। वहां वे एक नए भवन का शिलान्यास करेंगी और छात्रों से संवाद भी करेंगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम स्थल और रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग और नो-एंट्री व्यवस्था लागू की गई है, ताकि आमजन को न्यूनतम असुविधा हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।


