Ranchi: द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को एकदिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचीं। राजधानी में उनके आगमन को लेकर पहले से ही कड़े सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम किए गए थे। रांची एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और आम लोगों की आवाजाही नियंत्रित रखी गई।
जमशेदपुर के लिए रवाना, भूमि पूजन में हुईं शामिल
रांची पहुंचने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू मुख्यमंत्री और राज्यपाल के साथ सोनारी एयरपोर्ट के लिए रवाना हुईं। जमशेदपुर में उन्होंने कदमा स्थित मरीन ड्राइव पर बनने वाले श्री जगन्नाथ मंदिर (श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट) के भूमि पूजन एवं शिलापट्ट अनावरण कार्यक्रम में भाग लिया।

करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भव्य मंदिर परिसर को राज्य के धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रपति की उपस्थिति से कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया। आयोजन स्थल पर प्रवेश के लिए पास सिस्टम लागू किया गया था और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में छात्रों से संवाद
भूमि पूजन के बाद राष्ट्रपति का अगला कार्यक्रम बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में निर्धारित था। दोपहर करीब 3 बजे उन्होंने वहां पहुंचकर छात्रों से संवाद किया। इस दौरान शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की गई। कॉलेज परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई थी।

रांची लौटकर जैसलमेर के लिए प्रस्थान
छात्रों से संवाद के बाद राष्ट्रपति सोनारी एयरपोर्ट के रास्ते रांची लौटीं और वहां से विशेष विमान द्वारा राजस्थान के जैसलमेर के लिए प्रस्थान किया।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं। रांची एयरपोर्ट पर 15 डीएसपी और लगभग 50 इंस्पेक्टरों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल को भी तैनात किया गया था। एयरपोर्ट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच और निगरानी की व्यवस्था की गई, ताकि पूरा दौरा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।




