Deoghar: 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव के तहत देवघर में सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर कर्मियों और सुरक्षा बलों की तैनाती पहले ही कर दी गई थी। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है।
बैलेट पेपर से मतदान
इस बार चुनाव बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं। मेयर पद के लिए गुलाबी रंग का बैलेट पेपर और पार्षद पद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर इस्तेमाल किया जा रहा है। देवघर के हिंदी विद्यापीठ स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे मतदाताओं ने कहा कि भले ही बैलेट पेपर की प्रक्रिया पुरानी हो, लेकिन मतदाताओं का उत्साह बिल्कुल नया और खास है।
प्रत्याशी भी पहुंचे मतदान करने
मतदान करने पहुंचे प्रत्याशी सूरज झा ने कहा कि नगर निगम चुनाव लंबे समय से लंबित था, इसलिए मतदाताओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में हर मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
राज्यभर में एक साथ मतदान
झारखंड में आज 48 नगर निकायों में एक साथ मतदान कराया जा रहा है। इनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। राज्य के 13 निकायों में 2020 से चुनाव लंबित थे, जबकि रांची समेत कई अन्य निकायों में 2022 से चुनाव नहीं हो पाए थे।
प्रशासन ने मतदाताओं से शांति और अनुशासन के साथ मतदान करने की अपील की है, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।


