Khunti: खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद एवं वार्ड सदस्य पद के लिए मतदान सोमवार सुबह से शांतिपूर्ण वातावरण में जारी है। निर्धारित समय पर सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई और सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग अपने दैनिक कार्यों को छोड़कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने के लिए उत्साहपूर्वक बूथों पर पहुंचे। 
प्रशासन की ओर से सभी बूथों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, जिससे मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। अब तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026: खूँटी नगर पंचायत क्षेत्र में प्रातः 9 बजे तक मतदान का प्रतिशत- 12.38% रहा।
झामुमो समर्थित अध्यक्ष पद की उम्मीदवार सोनम बागे अपने पति विमल पाहन के साथ अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचीं। उन्होंने आम मतदाताओं की तरह लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया और क्रम आने पर मतदान किया। 
मतदान के दौरान कुछ दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाता व्हीलचेयर के सहारे मतदान केंद्र तक पहुंचे। इस अवसर पर प्रत्याशी सोनम बागे ने स्वयं आगे बढ़कर कुछ मतदाताओं को सहारा देकर बूथ तक पहुंचाने में सहयोग किया।
यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना और मतदाताओं में सकारात्मक संदेश गया। सुबह के समय मतदान केंद्रों पर विशेष उत्साह देखा गया, हालांकि अभी भी कई मतदाता अपने घरों से निकलकर मतदान केंद्र की ओर आ रहे हैं। जैसे-जैसे दिन चढ़ रहा है, मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
नगर पंचायत चुनाव को लेकर आम नागरिकों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाया जा सके।



