Dhanbad: झारखंड नगर निकाय चुनाव के तहत धनबाद नगर निगम का चुनावी माहौल निर्णायक चरण में प्रवेश कर गया है। प्रचार शनिवार शाम को समाप्त होगा और 23 फरवरी को मतदान होगा। जिला पुलिस-प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा तैयारियां कर रखी हैं।
55 वार्ड, 974 बूथ और बैलट पेपर से मतदान
धनबाद नगर निगम के 55 वार्डों में कुल 974 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 8,97,936 मतदाता मतदान करेंगे। इसमें 4,71,279 पुरुष, 4,26,624 महिला और 33 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस बार ईवीएम के बजाय बैलट पेपर से मतदान कराया जाएगा, इसलिए सुरक्षा और निगरानी पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की अलग पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

बूथ लूट और बाहरी हस्तक्षेप की आशंका, प्रशासन अलर्ट
कुछ प्रत्याशियों द्वारा बाहरी लोगों को बुलाकर मतदान प्रभावित करने की आशंका जताई गई है। बूथ कब्जा या लूट की किसी भी योजना को रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अधिकारियों ने साफ कहा कि चुनाव में बाधा डालने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बख्शा नहीं जाएगा।
संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत डायल 112 पर सूचना दें।

सिटी हाक्स का फ्लैग मार्च और जनता को भरोसा
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को सिटी हाक्स टीम ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर सुमित कुमार के नेतृत्व में मार्च में थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे। मार्च कतरास मोड़, झरिया, बैंकमोड़, सिटी सेंटर, स्टेशन रोड, हीरापुर और सरायढेला जैसे प्रमुख इलाकों से गुजरा।
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, संभावित संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया और स्थानीय लोगों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि हर मतदाता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जोन में बंटा जिला, 48 घंटे सक्रिय रहेगी क्यूआरटी
नगर निगम चुनाव को लेकर समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को सतर्कता और निष्पक्षता के सख्त निर्देश दिए गए।

जिले को सेक्टर और जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और अतिरिक्त बल तैनात रहेंगे। 22 से 23 फरवरी की रात तक क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) लगातार सक्रिय रहेगी।
मतपत्र वितरण, मतपेटियों की सुरक्षित वापसी और मतगणना स्थल तक कड़ा पहरा रहेगा। मतदान केंद्रों तक जाने वाले मार्गों को पहले से सैनिटाइज किया जाएगा। पूरी चुनावी प्रक्रिया को कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटर किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि धनबाद नगर निगम चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगा, और प्रशासन लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



