Palamu: छतरपुर प्रखंड के सिलदाग पंचायत में दीदी बाड़ी योजना की स्वीकृति के नाम पर घूस लेने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) पलामू की टीम ने पंचायत के रोजगार सेवक सुनील कुमार रजक को 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
मामले में वादी ने ACB पलामू के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी और भाभी के नाम विशेष ग्राम सभा में दीदी बाड़ी योजना प्रस्तावित की गई थी। योजना की स्वीकृति दिलाने के एवज में रोजगार सेवक 6 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
घूस देने से इनकार करते हुए वादी ने इसकी शिकायत की। शिकायत के सत्यापन में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए गए। इसके बाद ACB थाना कांड संख्या 04/2026, दिनांक 18 फरवरी 2026 को भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़ा
दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में 20 फरवरी 2026 को धावा दल की टीम ने जाल बिछाया। आरोपी को वादी से 6 हजार रुपये रिश्वत लेते ही रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मेदिनीनगर ले जाया गया, जहां पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
ACB पलामू के पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



