Khunti: नगर पंचायत चुनाव के मद्देनज़र आज खूंटी नगर क्षेत्र में जिला कांग्रेस कमिटी के नेतृत्व में एक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान की अगुवाई जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की तथा नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
जनसंपर्क यात्रा की शुरुआत कर्रा रोड से हुई। इसके बाद चौधरी मुहल्ला, लियाकत अली रोड, जन्नत नगर एवं मिश्रा टोली होते हुए यात्रा चुनावी कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने जनसंपर्क दल का स्वागत किया और नगर पंचायत चुनाव को लेकर अपनी अपेक्षाएं और समस्याएं साझा कीं।
जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नगर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तथा मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यह जनसंपर्क अभियान केवल चुनावी औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का प्रयास है।
अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और लोकतांत्रिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने की अपील की।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि पाण्डेया मुण्डा, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, जिला प्रवक्ता रविकांत मिश्रा, जुनैद खान, नगर पंचायत अध्यक्ष गुलाम गौश, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आमिर हुसैन, विलसन बोदरा, ऋतुराज झा, सरोन सुरीन, अनमोल धन, गोपाल भगत, देवेंद्र महतो, अनमोल होरो, सुनील बोदरा, जय साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।



