Khunti: नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में खूंटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार मनोनीत बोदरा के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन शुक्रवार को खूंटी के नेताजी चौक के समीप किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा उपस्थित रहे। 
चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के बाद सभी नेता और कार्यकर्ता नेताजी चौक पहुंचे, जहां सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि Indian National Congress एक राष्ट्रीय और देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी है, जिसने हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करती और समाज के हर तबके के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार मनोनीत बोदरा शिक्षित, सरल स्वभाव की एवं समाजसेवा की भावना रखने वाली उम्मीदवार हैं। यदि उन्हें अध्यक्ष पद पर जीत मिलती है तो खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे और एक बेहतर खूंटी की परिकल्पना को साकार किया जाएगा।
वहीं खूंटी जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब हम सबने मिलकर लोकसभा चुनाव में काम किया तो उसका सकारात्मक परिणाम सामने आया और जीत हासिल हुई। इसी तरह विधानसभा चुनाव में भी एकजुटता का लाभ मिला। अब नगर निकाय चुनाव में भी सभी को मिलजुलकर कार्य करना होगा, ताकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को विजय दिलाई जा सके।
उन्होंने कहा कि मनोनीत बोदरा यदि चुनाव जीतकर अध्यक्ष बनती हैं तो वे किसी जाति, धर्म या पार्टी विशेष के लिए नहीं, बल्कि पूरे नगर पंचायत क्षेत्र की जनता के लिए कार्य करेंगी। उनका लक्ष्य विकास, पारदर्शिता और सभी वार्डों में समान रूप से योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अपील की कि वे आगामी नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को अपना समर्थन और आशीर्वाद देकर क्षेत्र के विकास में सहभागी बनें। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।



