Chaibasa: सीएफएल मुरहू द्वारा सोमवार को बंदगांव प्रखंड में वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा को लेकर एक जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुरहू सीएफएल इंचार्ज अमित कुमार महतो, ट्रेनर पंकज कुमार, बैंक ऑफ इंडिया बंदगांव शाखा के ब्रांच मैनेजर प्रसून खेर, टेबो शाखा के ब्रांच मैनेजर तथा बंदगांव ब्लॉक के बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (बीसी) और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रभात फेरी का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को केवाईसी (Know Your Customer), सी-केवाईसी (Central KYC) तथा साइबर हाइजीन के प्रति जागरूक करना था। फेरी के दौरान गांव-गांव जाकर लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गईं। सीएफएल मुरहू के प्रशिक्षकों ने ग्रामीणों को समझाया कि समय पर केवाईसी अपडेट नहीं कराने से बैंक खातों में लेन-देन बाधित हो सकता है। साथ ही सी-केवाईसी की प्रक्रिया और उसके लाभों की भी जानकारी दी गई।
साइबर हाइजीन के तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया गया। उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया गया।
बैंक ऑफ इंडिया बंदगांव शाखा के ब्रांच मैनेजर प्रसून खेर ने कहा कि इस प्रकार की प्रभात फेरी लोगों को बैंकिंग और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सीएफएल मुरहू के इस प्रयास से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और वे सुरक्षित बैंकिंग की ओर अग्रसर होंगे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा गया। कुल 129 लोगों को अलग-अलग योजनाओं के तहत लिंक किया गया, जिनमें 2 नए जनधन खाते खोले गए, 7 लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जोड़ा गया, 19 लोगों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ मिला, 1 व्यक्ति का अटल पेंशन योजना में नामांकन हुआ, 89 लोगों का केवाईसी अपडेट किया गया तथा 11 किसानों को केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) लोन से जोड़ा गया।
प्रभात फेरी में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं के प्रति अधिक जागरूक हो सकें।



