Ranchi: रांची में सोमवार देर रात से मंगलवार अहले सुबह तक एक काले रंग की स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने शहर में दहशत फैला दी। तेज रफ्तार और बेकाबू ड्राइविंग के दौरान आरोपियों ने एक किन्नर को कुचलकर उसके दोनों पैर तोड़ दिए और एक युवक को बुरी तरह पीटकर सड़क पर फेंक दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों युवकों ने पुलिस टीम को भी कुचलने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी।
घटना की सूचना डायल 112 पर मिलने के बाद पूरी रांची पुलिस अलर्ट हो गई। बताया गया कि ब्लैक स्कॉर्पियो (JH 01FD 52XX) में सवार युवकों ने कचहरी चौक के पास वारदात को अंजाम दिया है और फरार हो गए हैं। पुलिस की एक टीम ने घायल किन्नर को अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य टीमें वाहन की तलाश में जुट गईं। इसी दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध गाड़ी कांके रिंग रोड की ओर बढ़ रही है।

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस ने कई स्थानों पर घेराबंदी की। कचहरी चौक से कांके रिंग रोड, तिलता चौक, मांडर और नगड़ी तक पुलिस ने पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने चार बार पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की और कई पुलिस वाहनों को टक्कर भी मारी। बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आरोपी लगातार फरार होते रहे।
स्थिति गंभीर होती देख पुलिस ने सख्त कदम उठाया। डीएसपी प्रकाश सोय के अनुसार, जब आरोपियों ने चेतावनी के बावजूद पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, तब पुलिस ने पहले टायर पर फायरिंग की। इसके बाद भी कार नहीं रुकी तो पुलिस ने वाहन पर गोली चलाई। फायरिंग में ड्राइवर सीट पर बैठे युवक इश्तियाक को कमर में गोली लगी

इसके बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों—इश्तियाक और गुलफाम—को गिरफ्तार कर लिया। गुलफाम रांची के नगड़ी इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि जिस युवक की हत्या की सूचना मिली थी, वह बंटी कुमार नाम का कॉलेज छात्र है, जो घायल अवस्था में नागा बाबा खटाल के पास मिला। उसकी हालत गंभीर है और सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कचहरी चौक स्थित एक बार में किन्नरों के साथ शराब पी रहे थे, इसी दौरान विवाद हुआ। झगड़े के बाद उन्होंने किन्नर को सड़क पर फेंककर वाहन से कुचल दिया। बीच-बचाव करने आए बंटी कुमार के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। फिलहाल पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर ली है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।


