Bokaro: बोकारो के चर्चित जयंत सिंह हत्याकांड में जेल में बंद मुख्य आरोपी विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी के अवैध निर्माण पर बुधवार को बुलडोजर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) के संपदा न्यायालय के आदेश पर सेक्टर-6 स्थित निर्माण को ध्वस्त कर की गई। मौके पर बीएसएल के टाउन एंड एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के जीएम, सिटी डीएसपी और दंडाधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, यह अवैध निर्माण बोकारो स्टील प्लांट की जमीन पर किया गया था। सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि विनोद कुमार एक कुख्यात आपराधिक तत्व है, जिसके खिलाफ 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल जेल में बंद है। उन्होंने कहा कि यह निर्माण एक पनाहगार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, जहां आरोपी के संरक्षण में रहने वाले लोग ठहरते थे।
बीएसएल नगर सेवा भवन के जनरल मैनेजर एके सिंह ने बताया कि इस अवैध निर्माण को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद बीएसएल ने संपदा न्यायालय में मामला दर्ज कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद तोड़फोड़ का आदेश मिला। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जमीन बीएसएल की है और यहां किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एके सिंह ने आगे कहा कि बीएसएल की जमीन पर जहां-जहां अवैध कब्जा किया जाएगा, वहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत अतिक्रमण हटाया जाएगा। नगर सेवा विभाग द्वारा यह कार्रवाई नियमित रूप से की जाती है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
वहीं, विनोद कुमार के समर्थकों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यह स्थान एक कार्यालय था, जहां गरीब और दबे-कुचले लोगों की आवाज उठाई जाती थी। समर्थकों ने आरोप लगाया कि नगर निगम चुनाव के कारण यह कार्रवाई की गई है, क्योंकि विनोद कुमार चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, समर्थकों ने यह भी कहा कि वे न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हैं और कार्रवाई का विरोध नहीं करेंगे।


