Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को बड़ी मजबूती मिली है। भाजपा नेता पप्पू सिंह की पत्नी नूतन सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए किया गया अपना नामांकन वापस लेने की घोषणा कर दी है। अब वह भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह को खुला समर्थन देंगी।
अध्यक्ष पद की दावेदारी पर बना था सियासी तापमान
जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने रिंकू सिंह—जो गुड्डू सिंह की पत्नी हैं—को समर्थन दिया है। वहीं, क्षेत्र से ही भाजपा नेता पप्पू सिंह की पत्नी नूतन सिंह ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। निकाय चुनावों के बीच पार्टी समर्थित प्रत्याशी को लेकर भीतरखाने नाराजगी की चर्चाएं थीं।
रणनीति के तहत लिया गया फैसला
जुगसलाई में झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की पत्नी नौशीन खान भी मैदान में हैं। ऐसे में भाजपा नेतृत्व अध्यक्ष पद पर पकड़ मजबूत रखना चाहता है। जिला स्तर पर बनी रणनीति के बाद गुरुवार देर शाम नूतन सिंह ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह के पक्ष में नामांकन वापस लेने का ऐलान किया।
आशीर्वाद और एकजुटता का संदेश
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, वरिष्ठ नेता अभय सिंह और अनिल मोदी सहित कई नेता पप्पू सिंह के कार्यालय पहुंचे। रिंकू सिंह ने नूतन सिंह से आशीर्वाद लिया। दोनों ने एक-दूसरे को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। नूतन सिंह ने रिंकू सिंह को विजयश्री का आशीर्वाद देते हुए हर तरह के सहयोग का भरोसा दिलाया।
पार्टी निर्णय का सम्मान: संजीव सिन्हा
जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार थे, नूतन सिंह और पप्पू सिंह की भी अच्छी तैयारी थी। लेकिन पार्टी ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर रिंकू सिंह को समर्थित प्रत्याशी बनाया। पार्टी अनुशासन का सम्मान करते हुए नूतन सिंह और पप्पू सिंह ने समर्थन देने का निर्णय लिया।
त्याग जरूरी होता है: नूतन सिंह
नूतन सिंह ने कहा, “मैंने पार्टी और समाज के निर्देश का पालन किया है। खुशी है कि मेरी बहन रिंकू को जनता का समर्थन मिल रहा है। जुगसलाई के विकास के लिए हर कदम पर साथ दूंगी। अपनों के लिए त्याग करना पड़ता है।”
प्रेरणा और संकल्प: रिंकू सिंह
रिंकू सिंह ने कहा कि बड़ी बहन का आशीर्वाद मिला है, जिससे आगे बढ़ने की हिम्मत और प्रेरणा मिलेगी। “जुगसलाई को बदलने के संकल्प के साथ काम करूंगी।”


