Khunti: बाल विवाह मुक्त भारत बनाने के उद्देश्य से खूंटी जिले के बिरसा फुटबॉल स्टेडियम में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह जैसी कुप्रथा के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों तथा बच्चों के अधिकारों के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता फैलाना था।
इस अवसर पर विधायक रामसूर्या मुंडा ने जिला उपायुक्त कार्यालय, खूंटी से बाल विवाह मुक्त रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर आमजन को बाल विवाह के सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के साथ-साथ इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती पर बाल विवाह जैसी कुप्रथा को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। हमारा संकल्प है—बाल विवाह मुक्त खूंटी।” उन्होंने समाज के सभी वर्गों से बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में जिला प्रशासन के अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधि, चाइल्ड लाइन, स्वयंसेवी संगठन, पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविका, सहिया, शिक्षक तथा सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बाल विवाह मुक्त जिला खूंटी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।



