Khunti: आदिवासी समाज के प्रतिष्ठित नेता और पड़हा राजा सोमा मुंडा की निर्मम हत्या के मामले ने राज्य की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया है। इस हत्याकांड को लेकर अब मामला और गंभीर हो गया है। मृतक की पत्नी अमृता तिर्की ने झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

पत्र में अमृता तिर्की ने बताया है कि उनके पति, पड़हा राजा सोमा मुंडा की 07 जनवरी 2026 को खूंटी जिले के जामुआदाग क्षेत्र में अपराधियों द्वारा गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड के बाद भी अब तक मुख्य साजिशकर्ताओं और हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो पाना जिला पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि इस मामले में जिला पुलिस प्रशासन विफल साबित हो रहा है, जिससे न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा आदिवासी मूलवासी समाज गहरे आक्रोश और पीड़ा में है। अमृता तिर्की के अनुसार, यह हत्या सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की अस्मिता और नेतृत्व पर हमला है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सोमा मुंडा की हत्या से झारखंड के सामाजिक और राजनीतिक संगठनों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों का विश्वास स्थानीय पुलिस से उठता जा रहा है और न्याय की उम्मीद अब स्वतंत्र जांच एजेंसी से ही बची है।
इसी को देखते हुए अमृता तिर्की ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस संवेदनशील और गंभीर मामले की जांच CBI जैसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा मिल सके। उन्होंने कहा कि केवल निष्पक्ष जांच से ही पीड़ित परिवार और जनता को न्याय मिल पाएगा।
इस आवेदन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, झारखंड सरकार, पुलिस महानिदेशक, उपायुक्त खूंटी और पुलिस अधीक्षक खूंटी को भी भेजी गई है। पत्र पर मुख्यमंत्री सचिवालय और अन्य प्रशासनिक कार्यालयों की प्राप्ति मुहर भी लगी हुई है, जिससे यह साफ है कि मामला अब शासन के उच्च स्तर तक पहुंच चुका है।
गौरतलब है कि पड़हा राजा सोमा मुंडा आदिवासी समाज में एक सशक्त आवाज थे और जल-जंगल-जमीन से जुड़े मुद्दों पर हमेशा मुखर रहते थे। ऐसे में उनकी हत्या को लेकर लगातार यह सवाल उठ रहा है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं।
अब देखना यह होगा कि राज्य सरकार इस मांग पर क्या निर्णय लेती है और क्या इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच CBI को सौंपी जाती है या नहीं। फिलहाल, पूरे झारखंड की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
आज एक प्रतिनिधि मंडल द्वारा मुख्यमंत्री सचिवालय रांची पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित CBI जांच की मांग से जुड़ा आवेदन पत्र औपचारिक रूप से सौंपा गया।
इस प्रतिनिधि मंडल में स्वर्गीय सोमा मुंडा की बड़ी बेटी किरण मुंडा स्वयं शामिल रहीं, जिससे परिवार की पीड़ा और न्याय की मांग और अधिक सशक्त रूप में सामने आई। उनके साथ प्रतिनिधि मंडल में चन्द्र प्रभात मुंडा, मर्शल बरला, जोनसन होरो और चार्ल्स पाहन भी मौजूद थे।



