Khunti: खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी की जिला पॉलिटिकल अफेयर कमिटी की एक विशेष बैठक शुक्रवार को सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने की। इस बैठक में मुख्य रूप से आगामी नगर पंचायत चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के साथ-साथ सभी वार्डों में वार्ड अध्यक्ष पद के लिए पार्टी की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद एवं सभी वार्डों में अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी बनाएगी और उन्हें जिताने के लिए संगठन स्तर पर पूरी ताकत झोंक दी जाएगी।
नगर पंचायत चुनाव की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से पार्टी द्वारा कुछ पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेवारी सौंपी गई। निर्णय के अनुसार पीटर मुंडु, रविकांत मिश्रा, विलसन तोपनो, सुनीता गोप एवं गुलाम गौश को सभी वार्डों में बैठकें आयोजित कर अध्यक्ष पद एवं वार्ड अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन एकत्र करने की जिम्मेवारी दी गई। ये पदाधिकारी वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए योग्य और जनाधार वाले प्रत्याशियों की पहचान करेंगे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत चुनाव पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की पकड़ को और मजबूत किया जाएगा। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया।
इस बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी, पांडेया मुंडा, नईमुद्दीन खान, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन, शहिन्द्र महतो, विलसन बोदरा, सोहेल अंसारी, अनमोल होरो, मीनाक्षी टोपनो, माईकल तीडू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को मजबूत करते हुए नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।



