Dhanbad : बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) के छठे इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल का शुक्रवार को भव्य और रंगारंग शुभारंभ हुआ। पीके राय मेमोरियल कॉलेज की मेजबानी में आयोजित तीन दिवसीय इस महोत्सव की शुरुआत आकर्षक सांस्कृतिक यात्रा से की गई, जिसने पूरे शहर को उत्सवमय माहौल से भर दिया।
जिला परिषद मैदान से कुलपति प्रो. रामकुमार सिंह ने सांस्कृतिक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा में विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने झारखंडी संस्कृति, राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा, नौ देवियों के दिव्य स्वरूप, जगन्नाथ रथयात्रा, ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना का शौर्य, अरावली पर्वत संरक्षण, गिग वर्कर्स की समस्याएं और सड़क सुरक्षा जैसे सामाजिक विषयों पर आधारित प्रभावशाली झांकियां प्रस्तुत कीं।
सांस्कृतिक यात्रा में कुल 12 कॉलेजों ने भाग लिया। गुरु नानक कॉलेज की नौ देवियों की झांकी और एसएसएलएनटी महिला कॉलेज की जगन्नाथ प्रभु रथयात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। यात्रा जिला परिषद मैदान से शुरू होकर हीरापुर, रणधीर वर्मा चौक, लुबी सर्कुलर रोड, एसएसएलएनटी महिला कॉलेज, बीएसएस महिला कॉलेज और कला भवन होते हुए न्यू टाउन हॉल स्थित आयोजन स्थल पर संपन्न हुई।
उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. रामकुमार सिंह ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से छात्रों की प्रतिभा को मंच मिलता है और उनकी रचनात्मकता का विकास होता है। वहीं, लोक गायक एवं पद्मश्री सम्मानित मुकुंद नायक ने युवाओं से अपनी समृद्ध संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का आह्वान किया।
तीन दिनों तक चलने वाले इस यूथ फेस्टिवल में विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।



