Khunti: खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत मान्हू गांव में गौ तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। गांव के एक चारदीवारी परिसर के भीतर बड़ी संख्या में गौवंश को संदिग्ध हालात में रखे जाने की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने खूंटी थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो चारदीवारी के अंदर बड़ी संख्या में गौवंश बंद अवस्था में पाए गए। प्रारंभिक जांच में गौ तस्करी की आशंका जताई गई। मौके से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार गौ तस्करों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ थाना ले गई।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए गौवंश की कुल संख्या 102 बताई जा रही है। सभी गौवंश को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उनके चारे-पानी एवं देखभाल की व्यवस्था की जा रही है। पशुपालन विभाग एवं संबंधित संगठनों को भी इसकी सूचना दिए जाने की बात कही जा रही है।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा गया, वहीं समय रहते पुलिस कार्रवाई से गौवंश की जान बचने पर लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इतने बड़े पैमाने पर गौवंश को कहां से लाया गया था और इन्हें कहां ले जाने की योजना थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
खूंटी पुलिस का कहना है कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



