Ranchi : प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर की पुनर्स्थापना के 1000 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मना रही है। इसी कड़ी में झारखंड में भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए। प्रदेश के विभिन्न मंडलों में शिवालयों में पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और आरती के साथ पर्व मनाया गया।
सोमनाथ पर आक्रमण भारत की आत्मा पर प्रहार: बाबूलाल मरांडी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने न केवल भारत की संपदा को लूटा, बल्कि देश की आस्था और आत्मा पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि मोहम्मद गजनी ने सोमनाथ मंदिर से हीरे-जवाहरात, सोना-चांदी लूटे और अद्वितीय शिवलिंग को क्षति पहुंचाई। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की आत्मा का प्रतीक है, और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपने सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना कर रहा है।
शिवालयों में पूजा और स्वच्छता अभियान
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत भाजपा के मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। हैदरनगर मंडल सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने शिवालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया और श्रमदान किया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना और भगवान शिव की विशेष आरती की गई। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पलामू में ओमकार मंत्र जाप
स्वाभिमान सोमनाथ पर्व-2026 के अंतर्गत पलामू जिले के सुदना स्थित शिव शक्ति धाम मंदिर में विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पूजा-अर्चना करते हुए ओमकार मंत्र का जाप किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व देशभर के शिवालयों में जनसहभागिता के साथ मनाया जा रहा है।
11 जनवरी को सहस्त्र संकल्प यात्रा
सांसद विष्णु दयाल राम ने जानकारी दी कि 11 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सोमनाथ मंदिर में सहस्त्र संकल्प यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन वर्षभर चलने वाले सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की औपचारिक घोषणा होगी। उन्होंने बताया कि जनवरी 1026 में गजनी के महमूद द्वारा किए गए बर्बर आक्रमण के 1000 वर्ष 2026 में पूरे हो रहे हैं, लेकिन तमाम उतार-चढ़ाव के बावजूद सोमनाथ मंदिर आज भी अपनी भव्यता और गौरव के साथ खड़ा है।



